लखनऊ/नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन आज से उत्तर प्रदेश के दो दिवसीय संगठनात्मक प्रवास पर रहेंगे। नई प्रदेश टीम के गठन के बाद यह उनका पहला उत्तर प्रदेश दौरा है, जिसे आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
नितिन नवीन के लखनऊ पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ता उनका भव्य स्वागत करेंगे। लखनऊ एयरपोर्ट से भाजपा प्रदेश मुख्यालय तक रोड शो का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है।
दौरे के दौरान उनका फोकस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर रहेगा। वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार मुलाकात करेंगे तथा दोनों उपमुख्यमंत्रियों के साथ भी अहम बैठक करेंगे। इसके अलावा सांसदों, विधायकों, विधान परिषद सदस्यों और भाजपा कोर कमेटी के साथ अलग-अलग दौर की बैठकों में संगठनात्मक विषयों पर चर्चा करेंगे।
अपने कार्यक्रम के तहत नितिन नवीन पद्मश्री डॉ. विद्या बिंदु सिंह से भी मुलाकात करेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ रात्रि भोज में शामिल होने के साथ ही पूर्व प्रदेश अध्यक्षों के साथ ‘चाय पर संवाद’ कार्यक्रम में भी भाग लेंगे।
दौरे के दूसरे चरण में वह एनडीए सहयोगी दलों के नेताओं के साथ संयुक्त बैठक करेंगे। प्रदेश पदाधिकारियों, क्षेत्रीय अध्यक्षों और जिला अध्यक्षों के साथ संगठन की मजबूती, सदस्यता अभियान, बूथ प्रबंधन और चुनावी तैयारियों को लेकर विस्तृत मंथन होगा। इसके अलावा नितिन नवीन लखनऊ स्थित हनुमान सेतु मंदिर में पूजा-अर्चना भी करेंगे।


