लखनऊ। रहीमाबाद थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव में भूमि विवाद को लेकर एक बुजुर्ग का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में पीड़ित ने रहीमाबाद थाना प्रभारी पर गंभीर आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित का आरोप है कि गांव में चल रहे भूमि विवाद में कब्जेदारों को पुलिस का संरक्षण मिलने से विवाद लगातार बढ़ता गया। उन्होंने कहा कि शिकायत करने पर उन्हें थाने बुलाकर घंटों बैठाया गया, गाली-गलौज की गई और पूरे परिवार को जेल भेजने की धमकी दी गई।
बुजुर्ग का यह भी आरोप है कि उन्होंने 23 जून को मामले में लिखित तहरीर दी थी, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। न्याय न मिलने पर उन्होंने वीडियो जारी कर अपनी पीड़ा सार्वजनिक की और थाना प्रभारी की भूमिका की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।


