नवाबगंज: नगर के मोहम्मदाबाद रोड पर दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में तीन लोग घायल हो गए। घायलों को एंबुलेंस से नवाबगंज के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां एक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया।जानकारी के अनुसार, नवाबगंज नगर की पंचम वाली गली निवासी अनुज पुत्र श्रीराम शर्मा अपनी खाली पड़ी जगह से घर लौट रहे थे। इसी दौरान नवाबगंज थाना क्षेत्र के सितवनपुर पिथू गांव निवासी सोमनाथ पुत्र मनमोहन अपने भाई समदारत के साथ नवाबगंज में तेरहवीं का सामान लेने आ रहे थे।जैसे ही दोनों बाइक सवार नवाबगंज-मोहम्मदाबाद मार्ग पर माया गेस्ट हाउस के पास पहुंचे, उनकी बाइकों की आमने-सामने भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइकों पर सवार तीनों लोग दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई और उन्होंने तुरंत एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलने पर एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को नवाबगंज के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में फार्मासिस्ट राजीव कुमार ने तीनों घायलों का प्राथमिक उपचार किया। सोमनाथ की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया।बताया गया है कि दोनों बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं पहने थे। इसी कारण सोमनाथ के सिर में गंभीर चोट आई है। यदि हेलमेट पहना होता तो सिर की गंभीर चोट से बचा जा सकता था।


