कमालगंज (फर्रुखाबाद)। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET) के आयोजन के चलते गुरुवार को कमालगंज कस्बे में दिनभर भारी यातायात दबाव बना रहा। परीक्षा देने आए अभ्यर्थियों और उनके परिजनों की बड़ी संख्या के कारण बाहर के जिलों से आई छोटी-बड़ी गाड़ियों से कस्बे की सड़कें, फुटपाथ और खाली मैदान वाहन पार्किंग से पटे रहे। इससे कई प्रमुख मार्गों पर जाम की स्थिति बनी रही और स्थानीय लोगों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
कमालगंज में आरपी महाविद्यालय, आरपी इंटर कॉलेज और फिरोज गांधी जनता कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया था। तीनों केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण, नकलमुक्त और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुई। परीक्षा की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए थे और पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था।
प्रवेश से पहले सभी अभ्यर्थियों की सघन जांच की गई। महिला अभ्यर्थियों की चूड़ियां, पायल और हेयरपिन तक उतरवाए गए, जबकि पुरुष अभ्यर्थियों को बेल्ट और टोपी बाहर रखनी पड़ी। निर्धारित समय के प्रति भी प्रशासन पूरी तरह सख्त रहा और केवल दो मिनट की देरी से पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को भी परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया गया।
परीक्षा समाप्त होने के बाद बाहर निकले अभ्यर्थियों ने बताया कि प्रश्नपत्र का स्तर सामान्य रहा। अधिकांश अभ्यर्थियों ने पेपर को आसान बताया, हालांकि गणित खंड के कुछ प्रश्न अपेक्षाकृत कठिन लगे।
परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने के बाद प्रशासन और पुलिस ने राहत की सांस ली, जबकि परीक्षा समाप्त होने के बाद धीरे-धीरे यातायात व्यवस्था भी सामान्य होने लगी।


