फर्रुखाबाद। मंगलवार को मौसम ने अचानक करवट ली और जिलेवासियों को कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी व उमस से बड़ी राहत मिल गई। सुबह से आसमान में घने बादल छाए रहे, ठंडी हवाएं चलती रहीं और जिले के कई इलाकों में हल्की बारिश भी हुई। मौसम के इस बदलाव से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों ने राहत की सांस ली।
पिछले कई दिनों से जिले में तेज धूप और उमस भरी गर्मी का प्रकोप बना हुआ था। दिन का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच रहा था, जबकि रात में भी तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहने से लोगों का हाल बेहाल था। एसी और कूलर से बाहर निकलते ही लोग पसीने से तरबतर हो जाते थे और रात में भी गर्मी के कारण चैन की नींद नहीं मिल रही थी।
मंगलवार सुबह से मौसम पूरी तरह बदला नजर आया। घने बादलों के बीच चल रही ठंडी हवाओं और हल्की बारिश ने वातावरण को खुशनुमा बना दिया। बारिश के बाद सड़कों पर गर्मी का असर कम हो गया और लोगों ने राहत महसूस की। बाजारों, पार्कों और सार्वजनिक स्थानों पर भी मौसम का आनंद लेने के लिए लोगों की आवाजाही बढ़ी।
मौसम विभाग ने आगामी दो जुलाई तक जिले में रुक-रुक कर बारिश की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार इस दौरान गरज-चमक, तेज हवाएं और वज्रपात भी हो सकता है। हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की संभावना है। जिला प्रशासन ने नागरिकों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने और अनावश्यक रूप से खुले स्थानों पर जाने से बचने की अपील की है।


