37.9 C
Lucknow
Tuesday, June 30, 2026

सपा मुखिया का जन्मदिन जिले भर में धूमधाम से मनाने की तैयारी, वृक्षारोपण और पीडीए सदस्यता अभियान पर रहेगा जोर

Must read

फर्रुखाबाद। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के जन्मदिवस को लेकर जिले भर में व्यापक तैयारियां शुरू हो गई हैं। पार्टी संगठन ने इस अवसर को केवल उत्सव तक सीमित न रखते हुए जनसंपर्क, संगठन विस्तार और पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने का निर्णय लिया है। जिला स्तर से लेकर ब्लॉक और तहसील स्तर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
सपा जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव ने बताया कि जन्मदिवस के अवसर पर होने वाले कार्यक्रमों के लिए अलग-अलग प्रभारियों की नियुक्ति कर दी गई है। जिले के सभी ब्लॉकों, तहसीलों और नगर क्षेत्रों में वृहद स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही पार्टी के पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) सदस्यता अभियान को भी तेज किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों को पार्टी की विचारधारा से जोड़ा जा सके।
पार्टी नेताओं का कहना है कि जन्मदिवस के कार्यक्रमों के माध्यम से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा। राजनीतिक जानकार भी इन आयोजनों को वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों के रूप में देख रहे हैं। इसी कारण इस बार जन्मदिन के कार्यक्रमों को विशेष महत्व दिया जा रहा है।
जिले में सबसे अधिक चर्चा समाजवादी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष नदीम अहमद फारूकी द्वारा आयोजित किए जा रहे कार्यक्रम की है। इस आयोजन के लिए बड़े पैमाने पर निमंत्रण कार्ड वितरित किए जा रहे हैं। यह कार्यक्रम दोपहर 12:30 बजे बीबीगंज स्थित छोटे सिंह गेस्ट हाउस में आयोजित होगा, जिसमें पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों की बड़ी संख्या में शामिल होने की संभावना है।
समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों का कहना है कि जन्मदिवस के अवसर पर सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से जनता के बीच पार्टी की सक्रियता और संगठनात्मक मजबूती का संदेश दिया जाएगा। पूरे जिले में दिनभर विभिन्न स्थानों पर पौधरोपण, सदस्यता अभियान, जनसंपर्क और अन्य सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article