41.2 C
Lucknow
Monday, June 29, 2026

ट्रांसफार्मर में लगी आग, बिजली का तार गिरने से कार जलकर राख

Must read

 

राजधानी Lucknow के पारा थाना क्षेत्र स्थित डूडा कॉलोनी, नरपत खेड़ा में सोमवार तड़के करीब तीन बजे एक ट्रांसफार्मर में अचानक आग लग गई। आग की तेज लपटों के बीच ट्रांसफार्मर से जुड़ा बिजली का तार पिघलकर नीचे खड़ी वैगनआर कार पर गिर गया, जिससे कार में भी आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और करीब दस मिनट में वह पूरी तरह जलकर राख हो गई।

घटना के दौरान आग की आवाज सुनकर आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए, लेकिन ट्रांसफार्मर में लगातार आग लगने और चिंगारियां निकलने के कारण कार में लगी आग पर तुरंत काबू नहीं पाया जा सका। पीड़ित कुलदीप कुशवाहा ने बताया कि उन्होंने इमरजेंसी नंबर पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं हो सकी। आग की चपेट में उनकी दुकान के बाहर रखा फ्रिज और लोहे का स्टैंड भी क्षतिग्रस्त हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्थानीय लोगों ने तुरंत बिजली विभाग को सूचना दी, जिसके बाद क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बंद कराई गई और स्थिति को नियंत्रित किया गया। घटना के समय सड़क पर कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि उस समय कोई राहगीर वहां होता तो गंभीर जनहानि हो सकती थी।

पीड़ित कुलदीप कुशवाहा ने आग से हुए नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा देने और ट्रांसफार्मर की तकनीकी जांच कराने की मांग की है। वहीं क्षेत्रवासियों ने आरोप लगाया कि इलाके में पुराने ट्रांसफार्मर और जर्जर बिजली के तार लंबे समय से दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं। उन्होंने बिजली विभाग से समय रहते रखरखाव और मरम्मत कार्य सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article