रियाद/रास तनुरा।
सऊदी अरब के प्रमुख तेल एवं औद्योगिक केंद्र रास तनुरा में रविवार सुबह सऊदी अरामको का एक हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस भीषण हादसे में हेलिकॉप्टर में सवार सभी 14 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई है। सऊदी ऊर्जा मंत्रालय ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है तथा दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं।
सरकारी समाचार एजेंसी के अनुसार, दुर्घटना रविवार सुबह लगभग छह बजे उस समय हुई, जब हेलिकॉप्टर ने उड़ान भरी थी। कुछ ही देर बाद वह रास तनुरा क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। रास तनुरा फारस की खाड़ी के तट पर स्थित सऊदी अरामको का प्रमुख तेल उत्पादन एवं औद्योगिक केंद्र माना जाता है।
अधिकारियों के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले सभी 14 लोग सऊदी नागरिक थे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंच गए और क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया। ऊर्जा मंत्रालय ने संबंधित एजेंसियों को दुर्घटना के हर पहलू की विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं।
फिलहाल हेलिकॉप्टर दुर्घटना के कारणों का आधिकारिक तौर पर खुलासा नहीं किया गया है। यह भी स्पष्ट नहीं किया गया है कि हादसा तकनीकी खराबी, मौसम या किसी अन्य कारण से हुआ। वहीं, सऊदी अरामको की ओर से भी अभी तक यह जानकारी नहीं दी गई है कि इस दुर्घटना का कंपनी के तेल उत्पादन या परिचालन पर कोई प्रभाव पड़ा है या नहीं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह सामने आने की संभावना है।


