लखनऊ। प्रदेश में होमगार्ड भर्ती का इंतजार कर रहे लाखों युवाओं के लिए बड़ी खबर है। होमगार्ड भर्ती परीक्षा का परिणाम रविवार को आधिकारिक रूप से घोषित कर दिया गया। भर्ती प्रक्रिया के तहत प्रदेश में 41,424 रिक्त पदों पर नियुक्ति की जाएगी, जिसके लिए आयोजित लिखित परीक्षा में 1.07 लाख अभ्यर्थियों को अगले चरण के लिए सफल घोषित किया गया है। अब इन अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन और शारीरिक दक्षता परीक्षा (फिजिकल टेस्ट) से गुजरना होगा।
गौरतलब है कि होमगार्ड भर्ती की लिखित परीक्षा 25, 26 और 27 अप्रैल को प्रदेश के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आयोजित की गई थी। परिणाम जारी होने के साथ ही लंबे समय से चयन सूची का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों को बड़ी राहत मिली है। विभाग ने पदों की संख्या से लगभग ढाई गुना अधिक अभ्यर्थियों को अगले चरण के लिए शॉर्टलिस्ट किया है, जिससे अंतिम चयन के लिए प्रतिस्पर्धा और कड़ी हो गई है।
भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण में सफल अभ्यर्थियों के शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, आयु, जाति एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। दस्तावेज सही पाए जाने पर ही उम्मीदवारों को शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए बुलाया जाएगा। फिजिकल टेस्ट में निर्धारित दौड़, लंबाई तथा पुरुष अभ्यर्थियों के लिए सीने की माप जैसे मानकों की जांच की जाएगी।
विभाग की ओर से दस्तावेज सत्यापन और शारीरिक परीक्षा की तिथियां तथा परीक्षा केंद्रों की जानकारी जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे अपने सभी मूल दस्तावेज तैयार रखें और फिजिकल टेस्ट की तैयारी अभी से शुरू कर दें, क्योंकि अंतिम चयन इन्हीं चरणों के प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा।


