फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेश युवा उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष अंकुर श्रीवास्तव ने भोलेपुर क्षेत्र के व्यापारियों की सूचना पर मौके पर पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनीं।
व्यापारियों ने बताया कि भोलेपुर-फतेहगढ़ स्टेशन रोड पर वर्षों से संचालित छोटी-छोटी दुकानों को अतिक्रमण अभियान की जद में लिया जा रहा है, जबकि वास्तविक अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध प्रशासन द्वारा कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। व्यापारियों का आरोप है कि छोटे दुकानदारों का उत्पीड़न किया जा रहा है, जिससे उनके सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।
अंकुर श्रीवास्तव ने कहा कि प्रशासन को निष्पक्ष कार्रवाई करनी चाहिए। यदि अतिक्रमण हटाना है तो सभी पर समान रूप से कार्रवाई होनी चाहिए। केवल छोटे व्यापारियों को निशाना बनाना न्यायोचित नहीं है।
उन्होंने वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों से मांग की कि छोटे व्यापारियों को अतिक्रमण की कार्रवाई का शिकार न बनाया जाए तथा उनकी आजीविका की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि व्यापारियों के साथ अन्याय जारी रहा तो उत्तर प्रदेश युवा उद्योग व्यापार मंडल व्यापारियों के साथ खड़ा रहेगा और उनके हितों की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने को बाध्य होगा।


