फर्रुखाबाद। जनपद के राजेपुर थाना क्षेत्र के सबलपुर गांव में मामूली विवाद को लेकर शराब के नशे में धुत एक ग्रामीण ने युवक पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में युवक घायल हो गया, जिसे उपचार और चिकित्सीय परीक्षण के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेपुर ले जाया गया। घटना की शिकायत पुलिस से की गई है, जिसके आधार पर जांच शुरू कर दी गई है।
पीड़ित युवक आदेश ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह गांव से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में एक ग्रामीण शराब के नशे में गाली-गलौज कर रहा था। विरोध करने पर आरोपी आगबबूला हो गया और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में आदेश के शरीर पर कई चोटें आईं। घटना के बाद परिजनों की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेपुर पहुंचाया गया, जहां उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेपुर के चिकित्सक डॉ. हिमांशु राजपूत ने बताया कि घायल युवक के शरीर पर कई स्थानों पर चोट के निशान मिले हैं। उसका चिकित्सीय परीक्षण पूरा कर लिया गया है।
राजेपुर थाना प्रभारी निरीक्षक नागेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर प्राप्त हो गई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।


