40.4 C
Lucknow
Saturday, June 27, 2026

तेज प्रताप यादव के ड्राइवर को धमकी, चोरी मामले में गवाही से रोकने का गंभीर आरोप

Must read

पटना: ​राष्ट्रीय जनता दल (RJD) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव (Lalu Prasad Yadav) के बड़े बेटे और विधायक तेज प्रताप यादव (Tej Pratap Yadav) से जुड़ा एक मामला अब काफी पेचीदा हो गया है। उनके निजी सहायक (PA) मोतीलाल राय पर लगे चोरी के आरोपों के बाद अब मामले के गवाह और तेजप्रताप के ड्राइवर अनिल यादव और उनके परिवार को धमकियां मिलने की शिकायत सामने आई है।

​गर्दनीबाग थाने में दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार शनिवार देर रात मोतीलाल राय की पत्नी प्रीति भारती उनके ससुर और साली अनिल यादव के घर पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने अनिल और उनके परिवार के साथ अभद्र व्यवहार किया और चोरी के मामले में गवाही न देने की चेतावनी दी। पीड़ित परिवार का आरोप है कि उन्हें ‘आकाश यादव’ का नाम लेकर पूरे परिवार को उठवा लेने की धमकी दी गई है। अनिल की पत्नी रंजू देवी ने बताया कि जब यह घटना हुई, उस समय उनके पति घर पर नहीं थे, जिससे वे काफी भयभीत हैं।

​घटना की शुरुआत तब हुई जब तेजप्रताप यादव ने अपने सरकारी आवास से 20 लाख रुपये नकद और कीमती सामान चोरी होने की शिकायत सचिवालय थाने में दर्ज कराई थी। उन्होंने अपने तत्कालीन PA मोतीलाल राय को इस चोरी का मुख्य आरोपी बनाया था। इस मामले में ड्राइवर अनिल यादव और एक अन्य सहयोगी चश्मदीद गवाह हैं, जिन्होंने कथित तौर पर मोतीलाल को सामान ले जाते देखा था।

​दूसरी ओर, मोतीलाल राय की पत्नी प्रीति भारती ने भी तेजप्रताप यादव के खिलाफ पटना के अगमकुआं थाने में FIR दर्ज कराई है। उनका दावा है कि उनके पति को इस मामले में फंसाया जा रहा है। प्रीति ने आरोप लगाया है कि ड्राइवर अनिल यादव और कुछ अन्य लोग उनके घर आए थे और खुद को ED-CBI का अधिकारी बताकर दस्तावेजों की मांग की थी। उन्होंने अपने पति की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई है और पुलिस को CCTV फुटेज भी सौंपे हैं।

​वर्तमान में, यह मामला दोतरफा आरोपों में फंस चुका है। एक तरफ तेजप्रताप के ड्राइवर ने गवाही से रोकने और सुरक्षा की मांग को लेकर शिकायत की है, तो वहीं दूसरी ओर मोतीलाल की पत्नी ने अपने पति की गुमशुदगी और प्रताड़ना का आरोप लगाया है। पुलिस दोनों ही मामलों की गंभीरता से जांच कर रही है और तथ्यों को खंगाल रही है। अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि जांच के बाद सत्य क्या सामने आता है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article