हरदोई: यूपी के हरदोई (Hardoi) जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। कछौना कोतवाली क्षेत्र के चौरा गांव में शनिवार की सुबह विवाहित प्रेमी (married man) ने अपनी प्रेमिका के साथ फंदा लगाकर खुदकुशी (Suicide) कर ली। एक कमरे से प्रेमी और प्रेमिका का फांसी के फंदे से लटका हुआ शव मिला है। लड़की के परिजनों ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ लिया था। जिसके बाद गांव के पंचायत में दोनों को साथ में रहने को कहा फिर अगली सुबह प्रेमी-प्रेमिका का शव फंदे से लटका मिला। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।
यह पूरा मामला जिले के कछौना कोतवाली क्षेत्र के चौरा गांव का है। जहां, 30 वर्ष के शादीशुदा श्रवण कुमार और 22 वर्ष की कुंती के बीच प्रेम प्रसंग था। श्रवण की बहन की सुसराल बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के मंगतपुरवा में है। बहन के घर आने जाने के दौरान दोनों का प्रेम प्रसंग शुरू हो गया था। दोनों पिछले ढाई साल से एक-दूसरे से प्यार करते थे। इसका पता चलने पर श्रवण की पत्नी रीता चार माह पहले मायके चली गई थी। बीती 24 जून को श्रवण मंगतपुरवा कुंती से मिलने गया था।
इसी दौरान कुंती के परिजनों ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ लिया। जिसके बाद खूब बवाल हुआ और प्रेमी के लाख बिनती करने के बावजूद उसे युवती के परिजनों ने उसे पुलिस को सौंप दिया। थाने पहुंचते ही पुलिस ने लड़की के परिजनों को समझाया और जैसे तैसे करके मामला शांत हुआ। फिर शादीशुदा प्रेमी को छोड़ दिया। दूसरे दिन फिर से विवाद हो गया और गांव के एक मंदिर परिसर में पंचायत बुलाई गई। पंचायत ने दोनों पक्षों की बात सुुनी और फैसला लिया गया कि प्रेमी-प्रेमिका दोनों साथ रहेंगे। इसके बाद प्रेमी प्रेमिका को अपने साथ अपने घर ले गया।
घर पहुंचते ही एक और नया विवाद शुरू हो गया। चार महीने से मायके में रह रही श्रवण की पत्नी वहां पहुंच गई और जमकर हंगामा करने लगी। उसका कहना था कि वह अपने सुहाग को किसी और के साथ नहीं बांटेगी और कुंती घर में कभी भी रहने नहीं देगी। इसी बात से दुखी होकर शुक्रवार देर रात प्रेमी-प्रेमिका ने सुसाइड कर लिया और शनिवार सुबह दोनों का शव मिला।
जानकारी पर अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी सुबोध गौतम, सीओ प्रभा पटेल भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एएसपी पूर्वी ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है कि आखिर पूरा मामला क्या था।


