एसआईटी रिपोर्ट के बाद एक्शन शुरू, दूध का दूध-पानी का पानी करके रहेंगे
देवरिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण में सख्त रुख अपनाते हुए साफ संदेश दिया कि रामभक्तों की आस्था के साथ खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। देवरिया में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि एसआईटी की रिपोर्ट मिलते ही कार्रवाई शुरू कर दी गई है और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि “दूध का दूध और पानी का पानी करके रहेंगे, जनआस्था से खिलवाड़ करने वालों को कोई छूट नहीं मिलेगी।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या को बदनाम करने की साजिश रची जा रही है। जिनके पास कोई ठोस प्रमाण हैं, वे उन्हें एसआईटी को सौंपें, लेकिन बिना तथ्यों के भगवान श्रीराम और अयोध्या की गरिमा पर सवाल उठाना बंद करें। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग कभी भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाते थे और रामभक्तों पर गोलियां चलवाते थे, वही आज आस्था की बात कर रहे हैं।
योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर भ्रष्टाचार और परिवारवाद के आरोप लगाते हुए कहा कि पिछली सरकारों में नौकरियां बेची जाती थीं, जबकि वर्तमान सरकार बिना भेदभाव के युवाओं को रोजगार दे रही है। उन्होंने दावा किया कि पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के निर्माण में लगभग तीन हजार करोड़ रुपये की संभावित लूट को उनकी सरकार ने रोका।
मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में जीरो टॉलरेंस की नीति लागू है। उन्होंने कहा कि आज मुहर्रम के अवसर पर भी प्रदेश में शांति है और कोई भी उपद्रव करने की हिम्मत नहीं कर सकता। यदि कोई कानून हाथ में लेगा तो उसे इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने देवरिया में 456.38 करोड़ रुपये की लागत वाली 106 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार प्रदेश में सड़क, कृषि, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं के विकास को नई गति दे रही है तथा पूर्वांचल को विकास का नया केंद्र बनाया जा रहा है।


