फर्रुखाबाद।आवास विकास स्थित समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय पर सपा नेताओं ने कोल्हापुर रियासत के शासक छत्रपति शाहूजी महाराज की जयंती के अवसर पर गोष्ठी आयोजित कर उन्हें याद किया।
इस मौके पर जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव ने कहा कि कोल्हापुर नरेश छत्रपति शाहूजी महाराज सामाजिक न्याय के पुरोधा माने जाते हैं, आधुनिक भारत में सबसे पहली बार अपने राज्य प्रशासन में पिछड़े वर्ग को जनसंख्यानुपात में हिस्सेदारी देने के लिए 50% पदों को आरक्षित कर उन्होंने आरक्षण पद्धति को पहली बार अमलीजामा पहनाया था।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि शाहू जी महाराज ने अपने राज्य के कल्याण के लिए कई महत्वपूर्ण और क्रांतिकारी कदम उठाए थे, उन्होंने ही बाबा साहब डॉ0 भीमराव अंबेडकर की विराट प्रतिभा को पहचाना और विदेश में उन्हें उच्च शिक्षा ग्रहण करने हेतु आर्थिक मदद दी थी।
जिला महासचिव इलियास मंसूरी ने कहा कि छत्रपति शाहूजी महाराज बहुत ही कुशल दूर-दृष्टा शासक थे, उन्होंने अपने शासनकाल में बाल विवाह पर रोक लगाई, विधवा पुनर्विवाह को कानूनी मान्यता दी और घरेलू हिंसा के खिलाफ सख्त कानून बनाने के साथ ही उन्होंने राज्य में प्राथमिक शिक्षा को मुफ्त और अनिवार्य बनाया तथा इसके साथ ही, दूर-दराज के और गरीब छात्रों के लिए अनेकों छात्रवासों का निर्माण कराया था।
पार्टी के जिला प्रवक्ता राधेश्याम सविता ने बताया कि छत्रपति शाहूजी महाराज की जयंती के अवसर पर जिला कार्यालय के सभागार परिसर में उनके चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें याद किया गया, कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव ने तथा संचालन जिला महासचिव इलियास मंसूरी ने किया, गोष्ठी कार्यक्रम के प्रभारी सदर विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी पवन कठेरिया प्रधान एवं शिवम पटेल महानगर अध्यक्ष यूथ ब्रिगेड ने कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराया।
इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष अजीत यादव, जिला सचिव शिवशंकर शर्मा, जिला सचिव विनीत परमार, जिला सचिव बीके गंगवार, विधानसभा प्रभारी सदर पवन कठेरिया प्रधान, महानगर अध्यक्ष यूथ ब्रिगेड शिवम पटेल, जिलाध्यक्ष सालोवा अनुराग यादव, जिला सचिव यूथ ब्रिगेड रवि शर्मा, गौतम कुशवाहा, महानगर उपाध्यक्ष यूथ ब्रिगेड सागर सिंह चौहान, सुमित कटियार, राजन शर्मा, सत्येंद्र प्रताप सिंह, सुधीर यादव, अजय माथुर, विपिन पाल, बूथ अध्यक्ष गोपाल यादव, अभय यादव, अरविंद सिंह, शीलू खां, विवेक भारद्वाज आदि समाजवादी पदाधिकारी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


