फर्रुखाबाद। यौमे आशूरा के अवसर पर निकले मोहर्रम जुलूस के दौरान शहर कांग्रेस कमेटी ने सांप्रदायिक सौहार्द और गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल पेश करते हुए सबील लगाई। भीषण गर्मी के बीच अकीदतमंदों, राहगीरों और जुलूस में शामिल लोगों को शरबत एवं शीतल पेयजल वितरित कर सेवा भाव का परिचय दिया गया।
शहर कांग्रेस कमेटी के बैनर तले आयोजित इस सेवा कार्य का नेतृत्व शहर अध्यक्ष अंकुर मिश्रा एडवोकेट ने किया। उन्होंने स्वयं पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ जुलूस में शामिल लोगों को शरबत पिलाया और उनका स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि मोहर्रम त्याग, बलिदान, इंसानियत और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। ऐसे धार्मिक अवसर समाज में प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं।
सबील पर बड़ी संख्या में लोगों ने शीतल पेयजल और शरबत ग्रहण किया। इसके बाद शहर कांग्रेस के पदाधिकारी मोहर्रम जुलूस में शामिल होकर कर्बला पहुंचे और जिले की गंगा-जमुनी तहजीब तथा सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया। पूरे आयोजन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सेवा कार्य में सक्रिय भागीदारी निभाई।
इस अवसर पर शहर कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष अशोक राठौर, अतीक सलमानी, महासचिव सलीम खान, सचिव शब्बू खान, शारिक, संजय दिवाकर, कोऑर्डिनेटर ऋषभ मिश्रा सहित फतेह मोहम्मद, सलमान, अफसान, नदीम, आफताब, मुजस्सर, निहाल, दीदार, बिलाल, समी अहमद, फते आलम, आमिर एवं अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने सेवा भावना के साथ सबील की व्यवस्था संभालते हुए जुलूस में शामिल लोगों की सेवा की।


