अयोध्या: राम मंदिर चढ़ावा गबन मामले में आम आदमी पार्टी (AAP) से राज्यभा सांसद संजय सिंह (Sanjay Singh) को SIT ने तलब किया है। गुरुवार को 11 बजे टीम ने उन्हें लखनऊ में मण्डलायुक्त कार्यालय में सबूत देने के लिए बुलाया है। सांसद संजय सिंह ने एक्स पर पोस्ट साझा किया है जिसमें उन्होंने लिखा है कि ‘प्रभु श्री राम जी के मंदिर में हुए चढ़ावा और चंदा चोरी की जांच करने वाली SIT ने 25 जून को सुबह 11 बजे लखनऊ मंडलायुक्त कार्यालय पर मुझे बुलाया है, मैं जमीन घोटाले से संबंधित सारे दस्तावेज SIT के अध्यक्ष को सौंपूंगा।’
बता दें कि इससे पहले संजय ने एक्स पर एक अन्य पोस्ट के जरिए लिखा था कि ‘2 करोड़ की जमीन 18.5 करोड़ में, 3 करोड़ की जमीन 24 करोड़ में, 9 करोड़ की जमीन 55.47 करोड़ में चंपत राय ने खरीदी। सारे सबूत मेरे पास हैं. मुझे आज तक SIT ने मिलने का समय नहीं दिया। आखिर चंदा चोर अभी तक ट्रस्ट में कैसे हैं? ट्रस्ट मोदी ने बनाया, लूट का माल BJP को पहुंचा, BJP उसी पैसे से देश भर में सांसद विधायक खरीद रही है। यही कारण है मोदी जी अब तक चंदा चोरी पर खामोश हैं।’
संजय सिंह लगातार इस मुद्दे को लेकर भाजपा पर निशाना साध रहे हैं। बीते सोमवार को उनका बयान आया था जिसमें उन्होंने कहा कि जिस अयोध्या को लेकर धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व की बातें की जाती हैं, वहां से खड़ाऊं की कथित चोरी गंभीर सवाल खड़े करती है। संजय सिंह ने अपनी प्रतिक्रिया में ऐतिहासिक प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा था कि जहां राजा भरत ने भगवान राम की खड़ाऊं को सिंहासन पर रखकर 14 वर्षों तक अयोध्या का शासन संभाला था, वहीं अब उन्हीं खड़ाऊं की कथित चोरी की घटना सामने आई है। उन्होंने इस मामले में बीजेपी से जुड़े लोगों पर भी सवाल उठाए।


