कंपिल। थाना क्षेत्र में श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली बुधवार दोपहर सड़क हादसे का शिकार हो गई। ओवरटेक करने के प्रयास में अनियंत्रित हुई ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क किनारे खड़े बिजली के पोल से टकरा गई, जिससे ट्रैक्टर पलट गया। हादसे में एक किशोरी सहित तीन लोग घायल हो गए, जबकि ट्रॉली में सवार अन्य श्रद्धालु बाल-बाल बच गए।
जानकारी के अनुसार क्षेत्र के गांव जेंदपुरा निवासी रामकिशोर अपने रिश्तेदारों और ग्रामीणों के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली से जनपद बदायूं के थाना उसहैत स्थित प्रसिद्ध कलइया महाराज मंदिर में दर्शन करने गए थे। दर्शन के बाद सभी श्रद्धालु वापस गांव लौट रहे थे।
बताया गया कि दोपहर करीब तीन बजे कंपिल-अटैना मार्ग पर गांव इकलहरा के निकट ट्रैक्टर चालक ने एक वाहन को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रैक्टर पलट गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में ट्रैक्टर चालक रामकिशोर, अनुज कुमार तथा किशोरी शिखा घायल हो गए। दुर्घटना के बाद श्रद्धालुओं में चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया।
सूचना मिलते ही कंपिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज भिजवाया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर थाने पहुंचा दिया।
थाना प्रभारी नितिन चौधरी ने बताया कि हादसे की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर भेजी गई थी। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


