41.4 C
Lucknow
Wednesday, June 24, 2026

ई-रजिस्ट्रेशन के विरोध में तहसील सदर में कलमबंद हड़ताल, अधिवक्ता और दस्तावेज लेखक एकजुट

Must read

फर्रुखाबाद। प्रदेश सरकार की ई-रजिस्ट्रेशन व्यवस्था के विरोध में तहसील सदर फर्रुखाबाद में अधिवक्ताओं और दस्तावेज लेखकों ने मोर्चा खोल दिया है। बार एसोसिएशन तहसील सदर और दस्तावेज लेखक संघ की संयुक्त बैठक में 25 जून से अनिश्चितकालीन कलमबंद हड़ताल का ऐलान किया गया है।

बार एसोसिएशन तहसील सदर के अध्यक्ष अतर सिंह कटियार की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में अधिवक्ताओं और दस्तावेज लेखकों ने ई-रजिस्ट्रेशन प्रणाली का विरोध करते हुए कहा कि नई व्यवस्था से अधिवक्ताओं, दस्तावेज लेखकों और आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 25 जून से तहसील सदर उप निबंधक कार्यालय में कोई भी लेखन कार्य नहीं किया जाएगा।

दस्तावेज लेखक संघ के पदाधिकारियों ने भी अलग से जारी सूचना में बताया कि ई-रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया के विरोध में दस्तावेज लेखक, अधिवक्ता, नोटरी अधिवक्ता और स्टांप विक्रेता सामूहिक रूप से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर रहेंगे। हड़ताल के दौरान किसी प्रकार का लेखन, प्रलेख तैयार करने अथवा दस्तावेजी कार्य नहीं किया जाएगा।

संयुक्त निर्णय के अनुसार सभी संबंधित लोग अपने-अपने कार्य बंद रखकर आंदोलन को सफल बनाने में सहयोग करेंगे। हड़ताल के कारण तहसील सदर में रजिस्ट्री, बैनामा और अन्य दस्तावेजी कार्य प्रभावित होने की संभावना है।

बार एसोसिएशन और दस्तावेज लेखक संघ ने सरकार से ई-रजिस्ट्रेशन व्यवस्था पर पुनर्विचार करने तथा अधिवक्ताओं और दस्तावेज लेखकों की समस्याओं का समाधान किए जाने की मांग की है। आंदोलन को लेकर तहसील परिसर में चर्चाओं का माहौल बना हुआ है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article