जबलपुर: मध्य प्रदेश के जबलपुर (Jabalpur) से गुरु की छवि को दागदार करने वाली खबर सामने आई है। यहां रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय (Rani Durgavati University) के एक पूर्व अतिथि शिक्षक पर सिवनी की रहने वाली छात्रा को PhD कराने और शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगा है। मामला उजागर होने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी शिक्षक की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पीड़ित युवती मूल रूप से सिवनी जिले की रहने वाली है। वर्ष 2022 में उसकी पहचान चित्रकूट निवासी अतिथि शिक्षक रज्जन द्विवेदी से हुई थी। जो जबलपुर के रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में पदस्थ था। आरोपी रज्जन द्विवेदी ने छात्रा को अपने प्रभाव में लिया और उसे विश्वविद्यालय से PhD कराने का झांसा दिया।
आरोप है कि PhD के काम के बहाने आरोपी शिक्षक ने छात्रा को जबलपुर के दीनदयाल चौक स्थित एक होटल में बुलाया। वहां उसने छात्रा की मर्जी के खिलाफ उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। जब छात्रा ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उससे शादी करने का वादा कर दिया। शादी का झांसा देकर आरोपी लंबे समय तक छात्रा का शारीरिक शोषण करता रहा। जब भी छात्रा उस पर शादी का दबाव बनाती या किसी को बताने की बात कहती तो आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देकर चुप करा देता था।
लगातार मिल रही धमकियों और शोषण से तंग आकर आखिरकार पीड़िता ने हिम्मत जुटाई और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। मामला जैसे ही रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय प्रशासन के संज्ञान में आया हड़कंप मच गया। मैनेजमेंट ने बिना देरी किए आरोपी अतिथि शिक्षक रज्जन द्विवेदी की सेवाएं समाप्त कर उसे बाहर का रास्ता दिखा दिया है।
इस हाई-प्रोफाइल मामले में जबलपुर की विजयनगर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तलाश व आगे की कानूनी वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।


