लखनऊ: यूपी की राजधानी लखनऊ (Lucknow) में आग लगने की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं, अलीगंज में बीते सोमवार को हुए अग्निकांड के बाद आज मंगलवार को ठाकुरगंज (Thakurganj) थाना क्षेत्र स्थित शेखपुर हबीबपुर में इरम कॉलेज के कार्यालय में आग लग गई। आग लगने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही चौक फायर स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
फायर विभाग के अनुसार, ठाकुरगंज थाना क्षेत्र स्थित शेखपुर हबीबपुर में इरम कॉलेज के कार्यालय में मंगलवार दोपहर करीब 3:50 बजे आग लगने की सुचना कंट्रोल रूम को मिली। सूचना मिलते ही चौक फायर स्टेशन से दो मिनी फायर टेंडर (एमएफई) और फायरकर्मियों की टीम मौके के लिए रवाना की गई। मौके पर पहुंच कर दमकल कर्मियों ने देखा कि, कॉलेज के कार्यालय में रखा फर्नीचर, महत्वपूर्ण फाइलें और आलमारियां आग की चपेट में आ गई थीं। फायर टीम ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए पंपिंग शुरू की और कुछ ही देर में आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी टीम भी मामले की जांच करेगी। दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई के चलते आग को फैलने से पहले ही नियंत्रित कर लिया गया। यदि आग समय रहते नहीं बुझाई जाती तो यह कॉलेज के अन्य हिस्सों तक फैल सकती थी और बड़ा नुकसान हो सकता था।
इरम स्कूल कैंपबेल रोड की प्रिंसिपल ऋचा सक्सेना ने बताया कि अकाउंट्स सेक्शन ऑफिस के एग्जॉस्ट फैन से आग लगने की सूचना मिली थी। स्कूल प्रशासन और कर्मचारियों ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए आग को फैलने से रोकने का प्रयास किया।


