37.8 C
Lucknow
Tuesday, June 23, 2026

अलीगंज अग्निकांड: फर्रुखाबाद में सपा का कैंडल मार्च, मृत बच्चों को दी श्रद्धांजलि

Must read

फर्रुखाबाद। लखनऊ के अलीगंज स्थित कोचिंग सेंटर में हुए भीषण अग्निकांड में जान गंवाने वाले बच्चों की स्मृति में समाजवादी पार्टी महानगर फर्रुखाबाद द्वारा सोमवार को कैंडल मार्च निकालकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम का नेतृत्व महानगर अध्यक्ष राघव दत्त मिश्रा ने किया।

कैंडल मार्च किराना बाजार से शुरू होकर नगर के त्रिपोलिया चौक तक निकाला गया। इस दौरान समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर हादसे में दिवंगत हुए बच्चों को श्रद्धांजलि दी और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महानगर अध्यक्ष राघव दत्त मिश्रा ने कहा कि लखनऊ के अलीगंज में हुआ अग्निकांड अत्यंत दुखद, पीड़ादायक और हृदयविदारक है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों के साथ खड़े हैं।

उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग करते हुए कहा कि घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने यह भी कहा कि जिन परिवारों ने अपने बच्चों को खोया है, उनके दुख की भरपाई संभव नहीं है, लेकिन सरकार द्वारा घोषित आर्थिक सहायता पर्याप्त नहीं है।

राघव दत्त मिश्रा ने मांग की कि हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक बच्चे के परिजनों को कम से कम 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाए, जिससे प्रभावित परिवारों को कुछ राहत मिल सके।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में खुर्शीद खान, अमन भारद्वाज, प्रवेश कटियार, अमित यादव, कुलदीप भारद्वाज, रजत क्रांतिकारी, ओम प्रकाश शर्मा, वीना शर्मा, विकास गुप्ता, रिंकू यादव, अभिषेक गुप्ता, यूनुस अंसारी, उरूज खान, शुभम शुक्ला, रवि मिश्रा, प्रदीप दुबे सहित बड़ी संख्या में समाजवादी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यक्रम का समापन दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत बच्चों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ किया गया।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article