लखनऊ/हरदोई। टोडरपुर क्षेत्र में निर्माणाधीन पुल का बीम टूटने की घटना को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गंभीरता से लिया है। हादसे की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तत्काल राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि राहत कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और बचाव अभियान पूरी तत्परता के साथ संचालित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने राज्य आपदा मोचन बल सहित अन्य राहत एजेंसियों को मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान तेज करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही घटनास्थल पर फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने और राहत कार्यों की निरंतर निगरानी करने को कहा है।
योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि प्रभावित परिवारों से मिलकर उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा अस्पतालों में बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने हादसे में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार हर प्रभावित व्यक्ति के साथ खड़ी है और राहत कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।
उल्लेखनीय है कि टोडरपुर क्षेत्र में निर्माणाधीन पुल का बीम टूटने से अफरा-तफरी मच गई थी, जिसके बाद प्रशासन और राहत एजेंसियां मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य में जुट गईं।


