40.5 C
Lucknow
Monday, June 22, 2026

कोचिंग सेंटर में भीषण आग, जान बचाने के लिए छज्जों से कूदे लोग; सीएम ने लिया संज्ञान

Must read

लखनऊ। अलीगंज थाना क्षेत्र स्थित पुरनिया इलाके में रविवार को एक कोचिंग सेंटर में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी भयावह थी कि पूरी इमारत धुएं और आग की लपटों से घिर गई। अंदर मौजूद लोगों को बचाने के लिए दमकल और प्रशासनिक टीमें युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव कार्य में जुट गईं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने के बाद कोचिंग सेंटर में मौजूद छात्र-छात्राओं और अन्य लोगों में चीख-पुकार मच गई। जान बचाने के लिए कुछ लोगों को इमारत के छज्जों से कूदना पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 10 से 12 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया।

दमकल कर्मियों ने इमारत के भीतर फंसे लोगों तक पहुंचने के लिए दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश किया। राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है और एक-एक कमरे की तलाशी ली जा रही है, ताकि कोई भी व्यक्ति अंदर फंसा न रह जाए।

घटना की गंभीरता को देखते हुए उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक भी मौके पर पहुंचे और बचाव कार्यों की निगरानी की। उन्होंने बताया कि कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है तथा पूरी इमारत की सघन जांच कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि बच्चों और छात्रों को सुरक्षित निकालना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उपमुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि सभी प्रमुख अस्पतालों को अलर्ट मोड पर रखा गया है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए चिकित्सा व्यवस्था को सक्रिय कर दिया गया है।

उधर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी घटना का तत्काल संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन की ओर से आग लगने के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है।

समाचार लिखे जाने तक दमकल विभाग आग पर पूरी तरह काबू पाने और इमारत के अंदर मौजूद लोगों की तलाश में जुटा हुआ था।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article