संभल। प्रशासन ने अवैध कब्जे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सरकारी भूमि पर बनाए गए कथित अवैध ढांचे को हटवा दिया। गुन्नौर तहसील क्षेत्र के इकोना गांव में बुलडोजर की मदद से एक मजार और छह कब्रों को ध्वस्त कर भूमि को कब्जामुक्त कराया गया।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, संबंधित भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत मिलने के बाद राजस्व विभाग द्वारा जांच कराई गई थी। जांच में भूमि पर अनधिकृत निर्माण होने की पुष्टि होने पर कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार, तहसीलदार सहित राजस्व विभाग के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए कैला देवी थाना पुलिस को भी मौके पर तैनात किया गया था। प्रशासन की मौजूदगी में बुलडोजर चलाकर अवैध कब्जा हटाया गया।
अधिकारियों ने बताया कि सरकारी एवं ग्राम समाज की भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शासन के निर्देशानुसार ऐसे मामलों में जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई। प्रशासन का कहना है कि भूमि से जुड़े सभी मामलों में कानून के अनुसार निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी और सार्वजनिक संपत्तियों को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा।


