लखनऊ। राजधानी के मोहनलालगंज क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर दबंगई और मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित अमित सिंह ने थाने में तहरीर देकर कई लोगों पर हमला करने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल बताया जा रहा है।
तहरीर के अनुसार, 19 जून को कुछ लोग विवादित जमीन पर पहुंचे और गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर कथित रूप से 6 से 7 लोगों ने मिलकर अमित सिंह के साथ मारपीट की। पीड़ित का आरोप है कि इस दौरान एक आरोपी ने काले रंग की पिस्टल निकालकर उनकी कनपटी पर सटा दी और जान से मारने की धमकी दी।
अमित सिंह का कहना है कि उन्होंने तत्काल डायल-112 पर सूचना देकर पुलिस सहायता मांगी और बाद में मोहनलालगंज थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी। शिकायत में हंसराज समेत अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।
मामले को लेकर स्थानीय लोगों में भी चर्चा है। आरोप लगाया जा रहा है कि शिकायत दिए जाने के बावजूद मुख्य आरोपी के खिलाफ अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। वहीं सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
हालांकि पुलिस की ओर से मामले में विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पुलिस का कहना है कि प्राप्त शिकायत और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है तथा तथ्यों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


