39.9 C
Lucknow
Friday, June 19, 2026

ट्रंप के दावे पर भड़कीं मेलोनी, बोलीं- ‘इटली और मैं कभी भीख नहीं मांगते’

Must read

 

रोम। इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच बयानबाजी से नया कूटनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। जी-7 शिखर सम्मेलन के बाद ट्रंप द्वारा किए गए एक विवादित दावे पर मेलोनी ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि “इटली और मैं कभी भीख नहीं मांगते।” उनके इस बयान ने अंतरराष्ट्रीय राजनीति में नई बहस छेड़ दी है।

विवाद की शुरुआत तब हुई जब डोनाल्ड ट्रंप ने एक इंटरव्यू में दावा किया कि फ्रांस के एवियन में आयोजित जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान जॉर्जिया मेलोनी ने उनके साथ तस्वीर खिंचवाने के लिए “भीख मांगी” थी। ट्रंप ने कहा कि उन्हें मेलोनी पर तरस आ गया, इसलिए उन्होंने तस्वीर खिंचवाने की अनुमति दी। ट्रंप का यह बयान सामने आते ही इटली की राजनीति में हलचल मच गई और इसे देश की प्रतिष्ठा से जोड़कर देखा जाने लगा।

प्रधानमंत्री मेलोनी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर वीडियो संदेश जारी कर ट्रंप के आरोपों को पूरी तरह निराधार और मनगढ़ंत बताया। उन्होंने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति के शब्द वास्तविकता से कोसों दूर हैं और यह समझ से परे है कि कोई सहयोगी देशों के नेताओं के बारे में इस तरह की टिप्पणी कैसे कर सकता है। मेलोनी ने कहा कि यह केवल उनका व्यक्तिगत अपमान नहीं बल्कि इटली के सम्मान पर भी चोट है।

उन्होंने आगे कहा कि पश्चिमी देशों के सामने कई बड़ी चुनौतियां हैं, लेकिन उनके कुछ प्रमुख नेता अपने सहयोगियों पर निशाना साधने में अधिक रुचि दिखा रहे हैं। मेलोनी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि इटली की गरिमा सर्वोपरि है और उनका देश किसी से भीख नहीं मांगता।

विवाद का असर कूटनीतिक स्तर पर भी दिखाई दिया। इटली के उप-प्रधानमंत्री एवं विदेश मंत्री एंटोनियो ताजानी ने 21 और 22 जून को प्रस्तावित अमेरिका दौरा रद्द कर दिया। उन्होंने ट्रंप की टिप्पणी को पूरे इटली का अपमान बताते हुए कहा कि मित्र देशों के बीच इस प्रकार की भाषा स्वीकार्य नहीं हो सकती।

इस बीच, वैश्विक मंच पर जॉर्जिया मेलोनी और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मित्रता भी चर्चा में बनी हुई है। हाल के वर्षों में दोनों नेताओं की मुलाकातें और सार्वजनिक संवाद सोशल मीडिया पर काफी लोकप्रिय रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय मंचों पर दोनों नेताओं की सहज बातचीत को लेकर ‘मेलोडी’ नाम से चर्चित ट्रेंड भी सामने आया था। हालांकि ट्रंप और मेलोनी के बीच बढ़े इस नए विवाद ने जी-7 सम्मेलन के बाद वैश्विक कूटनीति का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article