नवाबगंज: नवाबगंज थाना क्षेत्र के बांसमई गांव में शुक्रवार सुबह खेत में मक्का तोड़ रहे संदीप कुमार पर कुछ लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में संदीप, उनके भाई और मां घायल हो गए। घटना सुबह करीब 7 बजे की है, जब संदीप अपने खेत में मक्का की फसल तोड़ रहे थे। इसी दौरान गांव के ही कुछ युवक और उनके परिजन खेत पर आए और संदीप से गाली-गलौज करने लगे। जब संदीप ने इसका विरोध किया, तो युवकों और उनके साथियों ने लाठी-डंडों से उन पर हमला कर दिया। संदीप को बचाने के लिए उनके भाई सचिन कुमार और मां फूलन देवी (पत्नी डबलू) भी मौके पर पहुंचे, लेकिन हमलावरों ने उन्हें भी पीटा। मारपीट में संदीप कुमार, सचिन कुमार और फूलन देवी को चोटें आई हैं। संदीप कुमार ने इस मामले में चार लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।
मक्का तोड़ रहे युवक पर कुछ लोगों ने लाठी-डंडों से किया हमला, संदीप, उनके भाई और मां घायल


