39.9 C
Lucknow
Friday, June 19, 2026

बंद रेलवे फाटक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आया युवक, इलाज के दौरान मौत; परिवार में मचा कोहराम

Must read

 

शाहजहांपुर। मिर्जापुर क्षेत्र की ग्राम पंचायत गाजीपुर चिकटिया के मजरा पहाड़पुर निवासी 25 वर्षीय अनुज सिंह की ट्रेन की चपेट में आने से हुई गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना से पूरे परिवार में मातम छा गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अनुज सिंह पुत्र सुनील सिंह बीते दिवस अपनी मां सुनीता सिंह के साथ बाइक से अपनी बुआ के घर ग्राम नवादा, थाना मीरानपुर कटरा से वापस अपने गांव गाजीपुर चिकटिया (पहाड़पुर) लौट रहे थे। रास्ते में मीरानपुर कटरा थाना क्षेत्र स्थित एक बंद रेलवे फाटक पर पहुंचने के बाद अनुज ने अपनी मां को बाइक से नीचे उतार दिया और स्वयं बाइक लेकर रेलवे ट्रैक पार करने का प्रयास करने लगे।

इसी दौरान अचानक ट्रेन आ जाने से वह उसकी चपेट में आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अनुज को तत्काल मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों द्वारा उनका उपचार किया गया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण बीती रात उन्होंने दम तोड़ दिया।

मृतक के चचेरे भाई अनूप सिंह ने बताया कि अनुज अपने तीन भाइयों में बीच के थे। बड़े भाई रवि सिंह और छोटे भाई अंजुल सिंह हैं। लगभग तीन वर्ष पूर्व उनका विवाह माधवी सिंह के साथ हुआ था। उनकी डेढ़ वर्ष की एक पुत्री भी है।

अनुज की असमय मृत्यु से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घर में चीख-पुकार और मातम का माहौल है। पत्नी माधवी सिंह, मां सुनीता सिंह, पिता सुनील सिंह तथा दोनों भाइयों का रो-रोकर बुरा हाल है। सबसे मार्मिक दृश्य तब देखने को मिला जब मृतक की पत्नी अपनी डेढ़ वर्षीय बेटी को सीने से लगाकर विलाप करते हुए बार-बार यही सवाल पूछ रही थी कि अब उसकी बेटी का पालन-पोषण कैसे होगा।

गांव और क्षेत्र के लोगों ने भी इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। घटना ने एक बार फिर बंद रेलवे फाटक पार करने के जोखिम और रेलवे सुरक्षा नियमों के पालन की आवश्यकता को उजागर कर दिया है। मृतक का अंतिम संस्कार शोकाकुल वातावरण में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं शुभचिंतक शामिल हुए।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article