39.1 C
Lucknow
Tuesday, June 16, 2026

जीएसटी विभाग की छापेमारी से हड़कंप, दिल्ली ख्याली कूचा स्थित कारोबारी के घर घंटों चली कार्रवाई

Must read

फर्रुखाबाद। शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला दिल्ली ख्याली कूचा में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब जीएसटी विभाग की टीम अचानक एक कारोबारी के आवास पर पहुंच गई और जांच कार्रवाई शुरू कर दी। टीम के पहुंचते ही क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया और बड़ी संख्या में लोग मौके के आसपास एकत्र हो गए।
जानकारी के अनुसार, मोहल्ला दिल्ली ख्याली कूचा निवासी गोवर्धन मिश्रा के घर मंगलवार सुबह लगभग 11 बजे जीएसटी विभाग की टीम दिल्ली नंबर की इनोवा क्रिस्टा कार (संख्या DL-14CJ-0265) से पहुंची। अधिकारियों ने घर के भीतर प्रवेश कर दस्तावेजों और अन्य अभिलेखों की जांच शुरू कर दी। समाचार लिखे जाने तक जीएसटी अधिकारियों की कार्रवाई जारी थी और टीम घर के अंदर मौजूद थी।
सूत्रों के मुताबिक, गोवर्धन मिश्रा के पुत्र शिवम मिश्रा दिल्ली में रहकर कारोबार करते हैं। हालांकि स्थानीय स्तर पर किसी को स्पष्ट जानकारी नहीं है कि वह दिल्ली में किस प्रकार का व्यवसाय संचालित करते हैं। बताया जा रहा है कि शिवम मिश्रा दवाओं के कारोबार से जुड़े हुए हैं, जबकि उनके पिता गोवर्धन मिश्रा आढ़त का व्यवसाय करते हैं। इसके अलावा परिवार के अन्य कारोबार होने की भी चर्चा क्षेत्र में बनी हुई है।
अचानक हुई इस कार्रवाई से मोहल्ले में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। स्थानीय लोगों के बीच छापेमारी के कारणों को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं, लेकिन आधिकारिक रूप से जीएसटी विभाग की ओर से अभी तक कोई बयान जारी नहीं किया गया है।
वहीं, मौके पर मौजूद स्थानीय पुलिसकर्मी भी मामले में कुछ भी बताने से बचते नजर आए। पुलिस अधिकारियों का कहना था कि संबंधित विभाग द्वारा की जा रही कार्रवाई के बारे में वही अधिकृत रूप से जानकारी दे सकते हैं।
समाचार लिखे जाने तक जीएसटी विभाग की टीम जांच में जुटी हुई थी। कार्रवाई पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि विभाग किस मामले की जांच कर रहा है और इस कार्रवाई का आधार क्या है। फिलहाल पूरे क्षेत्र में इस छापेमारी को लेकर लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article