नवाबगंज
सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नवाबगंज का अपर मुख्य चिकित्साधिकारी ( एसीएमओ ) डॉ सर्वेश यादव ने मंगलवार सुबह औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधीक्षक कक्ष में बैठकर स्वास्थ कर्मियों के उपस्थिति रजिस्टर का अवलोकन किया। अधीक्षक डॉ लोकेश शर्मा अवकाश पर बताए गए। इस दौरान उन्होंने डॉ गौरव राजपूत से आवश्यक जानकारी ली। उन्होंने जननी सुरक्षा योजना में अस्पताल में प्रसव होने के बाद प्रसूताओं को मिलने वाली धनराशि के भुगतान के बारे में बीपीएम पीयूष पवन दीक्षित, बीसीपीएम प्रदीप कुमार से जानकारी लीं। जिसपर योजना में मात्र 43 प्रतिशत भुगतान होने की जानकारी दी गई। जिसपर एसीएमओ ने संबंधित कर्मचारियों को जमकर लताड़ लगाई। उन्होंने कहा कि लगभग 90 प्रतिशत भुगतान होना चाहिए था। लेकिन 43 प्रतिशत भुगतान होना कर्मचारियों की लापरवाही उजागर कर रहा है। उन्होंने शेष भुगतान को शीघ्र ही कराने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान व 14 वर्ष आयु की किशोरियों को होने वाले एचबी वैक्सीनेशन की समीक्षा की। इसमें भी गति न मिलने पर उन्होंने नाराजगी जाहिर कर सुधार करने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने सीएचसी के दवा वितरण कक्ष, नेत्र परीक्षण कक्ष आदि का भी अवलोकन कर दवाओं की उपलब्धता की जानकारी ली। एसीएमओ के औचक निरीक्षण से स्वास्थ कर्मियों में अफरा तफरी मची रही।
इस दौरान हिना खान, अतुल गुप्ता, डॉ गौरव राजपूत, डॉ जशवीर सिंह, फार्मासिस्ट सर्वेश श्रीवास्तव, विभोर, रतन देव, डॉ श्याम किशोर समेत स्वास्थ कर्मी रहे।
एसीएमओ डॉ सर्वेश यादव ने बताया कि सीएचसी पर अधीक्षक मौजूद नहीं मिले। उनके लंबी छुट्टी पर जाने से स्वास्थ कर्मी ढ़िलाई बरत रहे हैं। सीएमओ से बात कर सीएचसी पर शीघ्र ही किसी सक्षम अधिकारी की तैनाती का प्रयास किया जाएगा। जननी सुरक्षा योजना में 90 प्रतिशत के सापेक्ष 43 प्रतिशत भुगतान मिला। जो बेहद कम है। इसे शीघ्र कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान व 14 वर्ष की किशोरियों को होने वाले एचबी वैक्सीनेशन में भी शिथिलता मिली है। संबंधित को सुधार के निर्देश दिए गए हैं। क्षेत्र में बिना पंजीकृत प्राइवेट चिकित्सक व झोलाछाप को चिन्हित कर उन्हें बंद कराया जाएगा। जिसको लेकर निरंतर अभियान चलाया जा रहा है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नवाबगंज का एसीएमओ ने औचक निरीक्षण किया


