जयपुर। युवाओं के मुद्दों को लेकर आयोजित एक बड़े प्रदर्शन के दौरान सोमवार को राजस्थान की राजधानी जयपुर का शहीद स्मारक अचानक हंगामे का केंद्र बन गया। कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके पर एक युवक ने भीड़ के बीच अचानक थप्पड़ जड़ दिया, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि अभिजीत दीपके NEET पेपर लीक, बेरोजगारी, भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं और युवाओं से जुड़े अन्य मुद्दों को लेकर आयोजित प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे थे। बड़ी संख्या में मौजूद युवाओं और समर्थकों के बीच अचानक हुई इस घटना ने पूरे कार्यक्रम को विवादों के केंद्र में ला दिया।
थप्पड़ पड़ते ही प्रदर्शनकारियों का गुस्सा भड़क उठा और उन्होंने आरोपी युवक को मौके पर ही पकड़ लिया। देखते ही देखते युवक की जमकर पिटाई शुरू हो गई। हालात बिगड़ते देख मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने हस्तक्षेप किया और आरोपी को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है और हमले के पीछे की वजह तलाश रही है।
प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार और शिक्षा व्यवस्था के खिलाफ भी जमकर नारेबाजी हुई। प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई। शहीद स्मारक के मुख्य द्वार पर बनाए गए प्रतीकात्मक चित्र और विरोध प्रदर्शन पूरे दिन चर्चा का विषय बने रहे।
घटना के बाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। वहीं, सोशल मीडिया पर थप्पड़कांड का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।


