सीधी: मध्य प्रदेश के सीधी (Sidhi) जिले से कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक बेहद गंभीर और सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां कमर्जी थाना क्षेत्र में दो पक्षों के बीच चल रहे नाली विवाद के बाद लगाए गए सड़क जाम को खुलवाने पहुंचे थाना प्रभारी और पुलिस बल पर कुछ असामाजिक तत्वों ने जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में कमर्जी थाना प्रभारी (Kamarji Station House Officer) के सिर पर नुकीले हथियार से वार किया गया है, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उन्हें तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार कमर्जी थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक ही परिवार के लोगों के बीच नाली निर्माण को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। सोमवार को यह विवाद इतना बढ़ गया कि आक्रोशित लोगों ने सड़क पर उतरकर चक्काजाम कर दिया। सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लगने और जाम की सूचना मिलने पर कमर्जी थाना प्रभारी अपने पुलिस स्टाफ के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे।
थाना प्रभारी और पुलिस दल मौके पर मौजूद लोगों को समझाइश देकर शांतिपूर्वक जाम खुलवाने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान चक्काजाम कर रहे करीब आठ लोग अचानक उग्र हो गए और पुलिस दल के साथ विवाद करने लगे। देखते ही देखते आरोपियों ने थाना प्रभारी पर हमला बोल दिया और उनके सिर पर नुकीले हथियार से ताबड़तोड़ वार कर दिए। अचानक हुए इस हमले में थाना प्रभारी लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े।
थाना प्रभारी पर हमले की खबर जंगल की आग की तरह फैली, जिससे पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। गंभीर रूप से घायल अधिकारी को तुरंत जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनका उपचार कर रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए सीधी पुलिस अधीक्षक (SP) संतोष कोरी तुरंत जिला अस्पताल पहुंचे और घायल थाना प्रभारी का हालचाल जाना। पुलिस अधीक्षक ने साफ कहा है कि घटना में शामिल सभी आरोपियों की पहचान कर ली गई है और पुलिस बल पर हमला करने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा, सभी के खिलाफ बेहद कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


