शिवपुरी: मध्य प्रदेश के शिवपुरी (Shivpuri) में 4 साल की मासूम को जो शख्स अस्पताल लेकर पहुंचा, वही उसका कातिल निकला है। पोहरी स्थित बछोरा ग्राम में रहने वाले आरोपी ने अपनी सगी बेटी से दुष्कर्म (rape) की कोशिश की थी। लेकिन जब वह कामयाब नहीं हुआ तो उसने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने हत्याकांड की पूरी गुत्थी सुलझा ली और सनसनीखेज खुलासा किया है। बताया जा रहा है कि घटना के दौरान बहसी पिता शराब के नशे में था।
एडिशनल एसपी संजीव मुले ने बताया कि गुरुवार को जब 4 साल की बालिका कुछ और बच्चों के साथ खेल रही थी। तभी उसका कलयुगी पिता घर पर शराब पीकर आया। शाम करीब 6 बजे बेटी को कमरे के अंदर ले गया और उसके साथ गलत काम करने लगा। इस दौरान जब बेटी ने चीखना चिल्लाना शुरू किया तो दरिंदे ने बच्ची का मुंह और गला दबा दिया, जिससे चंद पलो में ही मासूम की दम घुटने से मौत हो गई।
बेटी की मौत के बाद आरोपी ने अपने पिता और भाई को बुलाया और उनसे कहा कि बेटी को सांप ने डस लिया है। आनन-फानन में आरोपी अपने परिजनों के साथ बेटी को लेकर अस्पताल पहुंचा जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पूछताछ के दौरान परिवार के सदस्य बार-बार बयान बदल रहे थे जिसके बाद पुलिस को सबसे पहले पिता पर शंका हुई। जब सख्ती से उससे पूछताछ हुई तो वह टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
आरोपी पिता ने पुलिस के सामने यह घटना स्वीकार की है। पुलिस ने आरोपी पिता के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत दुष्कर्म व हत्या की धाराओं में केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।


