39.7 C
Lucknow
Friday, June 12, 2026

पुलिस को मिली बड़ी सफलता, गांजा तस्करी करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, 18 किलो गांजा समेत 14 लाख की संपत्ति जब्त

Must read

धमतरी: धमतरी जिले में मादक पदार्थों की तस्करी (Drug trafficking) के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सिहावा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने परिवार बनकर यात्रा कर रहे एक अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 18 किलो 626 ग्राम गांजा, एक कार और मोबाइल फोन सहित करीब 14 लाख की संपत्ति जब्त की है। मामले में दो पुरुषों और एक महिला को गिरफ्तार (arrested) किया गया है। वहीं पुलिस अभिरक्षा से फरार हुए एक आरोपी को भी कुछ घंटों के भीतर दोबारा गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के दौरान थाना सिहावा पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा के बोलांगीर-भवानीपटना क्षेत्र से महाराष्ट्र की ओर एक सफेद रंग की कार (एमएच-27-डीटी-0319) में गांजा की खेप ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम सांकरा फॉरेस्ट नाका के पास घेराबंदी कर वाहन को रोका।

तलाशी के दौरान कार में दो पुरुष, एक महिला और दो बच्चे सवार मिले। जांच में वाहन की डिक्की से भूरे रंग के सेलो टेप में पैक 18 पैकेटों में कुल 18.626 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। आरोपियों से गांजा परिवहन के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। पुलिस ने मौके से गांजा, कार और तीन मोबाइल फोन जब्त किए। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे ओडिशा से गांजा खरीदकर महाराष्ट्र में बेचने ले जा रहे थे।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रवीण रविन्द्र दुबे (34 वर्ष), सोनू प्रवीण खैरकार (29 वर्ष) और पलाश गजभिए (32 वर्ष), सभी निवासी नागपुर (महाराष्ट्र) के रूप में हुई है। आरोपियों के खिलाफ थाना सिहावा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

गिरफ्तारी के बाद आरोपियों को चिकित्सीय परीक्षण के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगरी ले जाया गया था। इसी दौरान आरोपी पलाश गजभिए हथकड़ी ढीली कर पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही जिलेभर में हाई अलर्ट जारी किया गया और विशेष टीमों को तलाश में लगाया गया। दिनभर चली घेराबंदी, नाकाबंदी और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने फरार आरोपी को शाम तक फिर गिरफ्तार कर लिया।

धमतरी पुलिस के अनुसार पिछले छह सप्ताह में गांजा तस्करी के खिलाफ सात बड़ी कार्रवाई की जा चुकी है। हाल ही में अर्जुनी थाना पुलिस ने 490.818 किलोग्राम गांजा और करीब 2.60 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त कर जिले की पिछले चार वर्षों की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया था। पुलिस का कहना है कि सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार निगरानी, तकनीकी विश्लेषण और सक्रिय पुलिसिंग के जरिए अंतर्राज्यीय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क पर लगातार प्रहार किया जा रहा है। मामले में तस्करी से जुड़े अन्य आरोपियों और नेटवर्क की जांच जारी है।

 

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article