33.1 C
Lucknow
Thursday, June 11, 2026

ओमान तट पर मौत को मात, भारतीय नौसेना ने तेल टैंकर में फंसी जिंदा मिसाइल को किया निष्क्रिय

Must read

नौसेना ने ओमान तट पर जिंदा मिसाइल वारहेड डिफ्यूज की

 

तेल टैंकर ‘एमटी ओलंपिक लाइफ’ पर हमला, क्रू सुरक्षित

 

नई दिल्ली। भारतीय नौसेना के जांबाज विस्फोटक विशेषज्ञों ने ओमान तट के पास एक बेहद जोखिम भरे अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम देकर सैकड़ों लोगों की जान और करोड़ों रुपये की संपत्ति को सुरक्षित बचा लिया। दक्षिणी नौसैनिक कमान की एक्सप्लोसिव ऑर्डनेंस डिस्पोजल (EOD) टीम ने तेल टैंकर ‘एमटी ओलंपिक लाइफ’ के ईंधन टैंक में धंसी जिंदा मिसाइल वारहेड को सुरक्षित रूप से निकालकर निष्क्रिय कर दिया।जानकारी के अनुसार 26 मई को फुजैराह से कोच्चि की ओर जा रहे इस तेल टैंकर पर अज्ञात हमलावरों ने मिसाइल हमला किया था। मिसाइल जहाज के उस ईंधन टैंक में जा धंसी जो ज्वलनशील पदार्थ से भरा हुआ था। ऐसे में किसी भी समय बड़ा विस्फोट हो सकता था और जहाज पर सवार अंतरराष्ट्रीय क्रू की जान खतरे में पड़ गई थी।

संकट की सूचना मिलते ही भारतीय नौसेना की विशेष टीम मौके पर पहुंची। नौसेना के कमांडो और बम निरोधक विशेषज्ञों ने पहले सभी क्रू सदस्यों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया, इसके बाद खुद ईंधन टैंक के भीतर उतरकर अत्यंत सावधानी और तकनीकी दक्षता के साथ मिसाइल के विस्फोटक तंत्र को अलग किया और वारहेड को निष्क्रिय कर दिया। इस साहसिक अभियान के बाद टैंकर पूरी तरह सुरक्षित घोषित कर दिया गया।

नौसेना के इस ऑपरेशन की देश और विदेश में सराहना हो रही है। रक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि इस कार्रवाई ने एक बड़े समुद्री हादसे को टालने के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों की सुरक्षा के प्रति भारत की प्रतिबद्धता और नौसेना की पेशेवर क्षमता को भी दुनिया के सामने प्रदर्शित किया है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article