खत्री धर्मशाला में जुटेंगे सर्व समाज के लोग, साझा करेंगे स्मृतियां और संस्मरण
फर्रुखाबाद। खत्री समाज की वरिष्ठ संरक्षक एवं समाजसेवा के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान रखने वाली स्वर्गीय डॉ. रजनी सरीन की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन 12 जून को खत्री धर्मशाला, घुमना सब्जी मंडी स्थित सभागार में किया जाएगा। इस अवसर पर खत्री समाज के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक संगठनों से जुड़े लोग भी उपस्थित होकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे।
खत्री समाज के अध्यक्ष मुदित टंडन ने जानकारी देते हुए बताया कि डॉ. रजनी सरीन का समाज के प्रति योगदान सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने अपने जीवनकाल में शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाई तथा समाज के अनेक लोगों का मार्गदर्शन किया। उनके निधन से समाज ने एक संवेदनशील, समर्पित और कर्मठ व्यक्तित्व को खो दिया है।
श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित लोग डॉ. सरीन से जुड़े अपने संस्मरण साझा करेंगे और उनके जीवन के प्रेरक प्रसंगों को याद करेंगे। आयोजन के दौरान दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना भी की जाएगी।
मुदित टंडन ने बताया कि कार्यक्रम शाम 4 बजे से प्रारंभ होगा।
उन्होंने खत्री समाज के सभी सदस्यों सहित सर्व समाज के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करने की अपील की है। उनका कहना है कि यह आयोजन केवल श्रद्धांजलि का कार्यक्रम नहीं, बल्कि डॉ. रजनी सरीन के समाज के प्रति समर्पित जीवन को स्मरण करने का अवसर भी होगा।


