सवायजपुर/ हरदोई
गंगा एक्सप्रेसवे पर मंगलवार देर रात एक डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में अमेठी की एक नवविवाहिता की मौत हो गई, जबकि अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आईं। सूचना मिलते ही सवायजपुर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
जानकारी के अनुसार, अमेठी जिले के शंकरगंज क्षेत्र से दिल्ली के आनंद विहार जा रही डबल डेकर बस सवायजपुर कोतवाली क्षेत्र के खतौली गांव के पास गंगा एक्सप्रेसवे पर मंगलवार रात करीब 12 बजे अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बस में सवार शहर पत्नी नासिर (28) निवासी रानीगंज बाजार, थाना जगदीशपुर, जनपद अमेठी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
पुलिस ने घायल महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सवायजपुर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल हरदोई रेफर कर दिया गया। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के अनुसार, मृतका शहर की शादी इसी वर्ष 4 जून को दिल्ली के लक्ष्मी नगर निवासी नासिर के साथ हुई थी। नासिर दिल्ली में एसी का कार्य करते हैं। शादी के बाद शहर पहली बार अपने पति, सास, ननद और भांजे के साथ दिल्ली स्थित ससुराल जा रही थीं। इसी दौरान रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।


