कोलकाता:हारने के बाद ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) की मुश्किलें कम होती नजर तो नहीं ही आ रही है, लेकिन अब ऐसा लगता है कि TMC सांसद अभिषेक बनर्जी की भी मुश्किलें बढ़ने वाली है। आज मंगलवार को कोलकाता स्थित कालीघाट (Kalighat)TMC ऑफिस पर सीआईडी की टीम पहुंची। इसी परिसर में ममता बनर्जी का आवास भी है।
सीआईडी टीम के मुताबिक चूंकि कालीघाट में TMC का ऑफिस भी है इसलिए अभिषेक बनर्जी को नोटिस देने के लिए वहां गई थी। यह कार्यालय ममता बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास परिसर में ही है। इसी आधार पर CID टीम वहां पहुंची थी। CID की टीम इससे पहले सोमवार को अभिषेक बनर्जी के घर भी पहुची थी।
पश्चिम बंगाल की राजनीति में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के लिए चुनौतियां लगातार बढ़ती नजर आ रही हैं। CID टीम ने सोमवार (8 जून 2026) को टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव और लोकसभा सांसद अभिषेक बनर्जी को तीसरा नोटिस जारी किया था। नोटिस के माध्यम से सांसद अभिषेक बनर्जी को 9 जून शाम 5 बजे तक दक्षिण कोलकाता स्थित सीआईडी मुख्यालय में पूछताछ के लिए उपस्थित होने को कहा था।
हालांकि, इस संबंध में अभी तक सीआईडी या अभिषेक बनर्जी की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। सीआईडी सूत्रों के मुताबिक, अभिषेक ने जांचकर्ताओं के सामने पेश होने के लिए और समय मांगा था। सोमवार को INDIA ब्लॉक की बैठक शामिल की वजह से CID ने उन्हें मंगलवार शाम 5 बजे तक एजेंसी के समक्ष पेश होने का निर्देश दिया था।
जब CID टीम शुरू में आई और नोटिस देने के लिए ऑफिस के अंदर जाने लगी तो शुरुआत में टीम को अंदर जाने से रोक दिया गया, फिर बाद में पुलिस बल की मौजूदगी में अधिकारियों ने परिसर में प्रवेश किया।
इसी बीच टीएमसी के पूर्व विधायक सब्यसाची दत्ता को अदालत ने आठ दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। उनके खिलाफ जबरन वसूली और आपराधिक धमकी देने के आरोप की चल रही जांच के तहत यह कार्रवाई की गई है। मामले की सुनवाई के दौरान जांच एजेंसियों ने हिरासत की मांग की थी, जिसे अदालत ने स्वीकार कर लिया।


