शमशाबाद, फर्रुखाबाद। थाना क्षेत्र के ढाई घाट पर कलश विसर्जन के दौरान गंगा में डूबे 30 वर्षीय युवक का शव करीब आठ घंटे की मशक्कत के बाद गोताखोरों ने बरामद कर लिया। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। शमशाबाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय फतेहगढ़ भेज दिया।
जानकारी के अनुसार कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के गांव जिराऊ निवासी संतोष कुमार (30) पुत्र जगत सिंह अपने परिवार के साथ भागवत कथा कार्यक्रम के समापन के बाद आयोजित कलश विसर्जन में शामिल होने के लिए सोमवार को शमशाबाद क्षेत्र स्थित ढाई घाट पहुंचे थे। अपराह्न करीब एक बजे कलश विसर्जन के दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वह गंगा के तेज बहाव में बह गए।
युवक के डूबने पर परिजनों ने शोर मचाया, जिसके बाद मौके पर मौजूद सक्रिय गोताखोरों ने तत्काल उसकी तलाश शुरू की। कई घंटों तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद देर शाम करीब आठ बजे गोताखोरों ने युवक का शव गंगा से बाहर निकाला। शव मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और माहौल गमगीन हो गया।
सूचना पर पहुंची शमशाबाद थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय फतेहगढ़ भेज दिया।
बताया गया है कि मृतक की मां का पूर्व में ही निधन हो चुका है। परिवार में पत्नी रीना देवी, छह वर्षीय पुत्र सुबोध और चार वर्षीय पुत्र नन्हे के अलावा भाई दिनेश, प्रमोद और चरण सिंह तथा बहन सुनीता देवी हैं। घटना के बाद परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।
थानाध्यक्ष शमशाबाद सचिन चौधरी ने बताया कि युवक के गंगा में डूबने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। गोताखोरों की मदद से लगातार खोजबीन की गई, जिसके बाद रात करीब आठ बजे शव बरामद कर लिया गया। आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
कलश विसर्जन के दौरान गंगा में डूबे युवक का शव 8 घंटे बाद मिला, परिवार में मचा कोहराम


