बहराइच/यूथ इंडिया। भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बहराइच में एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक उपनिरीक्षक को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार रिसिया थाने में तैनात उपनिरीक्षक सुभाष चंद्र चौहान पर एक व्यक्ति से कार्रवाई न करने और जेल न भेजने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप था। शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन टीम ने जाल बिछाया और आरोपी दरोगा को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।
बताया जा रहा है कि गिरफ्तारी थाना रिसिया परिसर स्थित सरकारी आवास/कमरे से की गई। जैसे ही आरोपी ने रिश्वत की रकम ली, पहले से मौजूद एंटी करप्शन टीम ने उसे दबोच लिया। कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
सूत्रों के मुताबिक शिकायतकर्ता से किसी मामले में जेल न भेजने और राहत दिलाने के नाम पर रुपये मांगे गए थे। इसके बाद पीड़ित ने एंटी करप्शन संगठन से संपर्क किया, जिसके बाद पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी दरोगा के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। एंटी करप्शन टीम अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी पहले भी ऐसे मामलों में शामिल रहा है या नहीं।


