44.5 C
Lucknow
Tuesday, June 9, 2026

पुलिस भर्ती परीक्षा पर प्रशासन की कड़ी नजर, डीएम और एसपी ने किया औचक निरीक्षण

Must read

 

 

फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा-2025 को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। सोमवार को जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने फतेहगढ़ स्थित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

 

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने राजकीय इंटर कॉलेज फतेहगढ़, म्युनिसिपल इंटर कॉलेज फतेहगढ़ और राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज फतेहगढ़ पहुंचकर परीक्षा संचालन की व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने परीक्षा कक्षों, प्रवेश द्वारों, कंट्रोल रूम, सीसीटीवी निगरानी प्रणाली, अभ्यर्थियों के पहचान सत्यापन और प्रश्नपत्रों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच की।

 

जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने केंद्र व्यवस्थापकों और कक्ष निरीक्षकों को निर्देश दिए कि शासन द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि भर्ती परीक्षा की शुचिता और गोपनीयता सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

 

निरीक्षण के दौरान अभ्यर्थियों की सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान दिया गया। जिलाधिकारी ने पेयजल, शौचालय, विद्युत आपूर्ति, बैठने की व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा के दौरान परीक्षार्थियों को किसी भी प्रकार की परेशानी न होने पाए।

 

वहीं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए परीक्षा केंद्रों पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों के आसपास पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।

 

अधिकारियों ने कंट्रोल रूम में पहुंचकर सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की भी जांच की तथा परीक्षा गतिविधियों की लाइव मॉनिटरिंग व्यवस्था का अवलोकन किया। केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिया गया कि किसी भी प्रकार की समस्या सामने आने पर तत्काल प्रशासन को सूचित किया जाए ताकि समय रहते उसका समाधान किया जा सके।

 

परीक्षा की पवित्रता पर कोई समझौता नहीं

 

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा ड्यूटी में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी जिम्मेदारी, निष्पक्षता और सजगता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि भर्ती परीक्षा की पवित्रता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और लापरवाही पाए जाने पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article