महिला ने परिजनों पर मारपीट, धमकी और बच्चों से अलग करने का लगाया आरोप, सीओ बोले- मामले की जांच जारी
फर्रुखाबाद। नवाबगंज थाना क्षेत्र में देवर-भाभी के कथित प्रेम प्रसंग को लेकर एक परिवार का विवाद अब पुलिस तक पहुंच गया है। महिला ने अपने परिजनों पर मारपीट, अपमानित करने, धमकी देने और घर से निकालने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच कराई जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक और उसकी रिश्ते की भाभी के बीच नजदीकियां बढ़ गई थीं। दोनों के बीच लगातार संपर्क और मुलाकातों की जानकारी परिवार के अन्य सदस्यों को लग गई। इसके बाद परिवार ने महिला को युवक से दूरी बनाने की हिदायत दी और उस पर निगरानी बढ़ा दी।
आरोप है कि 17 मई को युवक महिला के घर ठंडा पानी लेने पहुंचा था। इसी दौरान घर के सदस्यों ने उसे उस कमरे में भेजा जहां महिला मौजूद थी। कुछ देर बाद कमरे को बाहर से बंद कर दिया गया और शोर मचाकर अन्य परिजनों को बुला लिया गया। परिजनों ने दोनों को एक साथ देखकर नाराजगी जताई और विवाद बढ़ गया।
महिला का आरोप है कि इसके बाद उसके और युवक के साथ मारपीट की गई। साथ ही उन्हें सार्वजनिक रूप से अपमानित किया गया और गांव छोड़ने की धमकी दी गई। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो सकी है।
घटना के बाद दोनों गांव छोड़कर विभिन्न स्थानों पर रहे। बाद में महिला फर्रुखाबाद पहुंची और पुलिस से संपर्क किया। पहले वह कादरीगेट थाने पहुंची, जहां घटना का क्षेत्राधिकार नवाबगंज होने के कारण उसे संबंधित थाने भेज दिया गया। नवाबगंज थाने में महिला ने तहरीर देकर कार्रवाई और अपने तीन बच्चों को वापस दिलाने की मांग की है।
क्षेत्राधिकारी अजय वर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है। लगभग दो सप्ताह पूर्व परिजनों ने दोनों को एक साथ पकड़ लिया था, जिसके बाद परिवार में विवाद हुआ। उन्होंने बताया कि महिला रविवार को थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई है। महिला ने अपने बच्चों को वापस दिलाने की मांग भी की है।
सीओ ने कहा कि महिला द्वारा लगाए गए सभी आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है। सार्वजनिक रूप से अपमानित किए जाने संबंधी आरोपों की भी पुष्टि कराई जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


