नई दिल्ली। देश की सीमाओं पर व्यापार, यात्री आवाजाही और सुरक्षा व्यवस्था को आधुनिक बनाने की दिशा में केंद्र सरकार बड़ा कदम उठाने जा रही है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मंगलवार को ‘लैंड पोर्ट मैनेजमेंट सिस्टम’ (एलपीएमएस) का शुभारंभ करेंगे। यह अत्याधुनिक डिजिटल प्लेटफॉर्म देश के सभी लैंड पोर्ट्स को एकीकृत प्रणाली से जोड़कर सीमा प्रबंधन को अधिक तेज, पारदर्शी और सुरक्षित बनाएगा।
गृह मंत्रालय के अनुसार नई व्यवस्था लागू होने के बाद सीमा पार व्यापार और यात्रियों की आवाजाही से जुड़ी प्रक्रियाओं में लगने वाला समय काफी कम हो जाएगा। इस प्रणाली में स्लॉट बुकिंग, ऑनलाइन भुगतान, रीयल-टाइम ट्रैकिंग और सिंगल विंडो क्लियरेंस जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे सरकारी एजेंसियों और निजी संचालकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हो सकेगा।
कार्यक्रम के दौरान गृह मंत्री मेघालय के डाउकी और त्रिपुरा के श्रीमंतपुर लैंड पोर्ट पर नवनिर्मित हितधारक आवासीय सुविधाओं का भी उद्घाटन करेंगे। सरकार का कहना है कि नई डिजिटल व्यवस्था के लागू होने से लैंड पोर्ट भी हवाई अड्डों और समुद्री बंदरगाहों की तरह आधुनिक और तकनीक आधारित बन जाएंगे।
मंत्रालय के मुताबिक यह पहल केंद्र सरकार की ‘स्मार्ट बॉर्डर मैनेजमेंट’ नीति का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इससे सीमा सुरक्षा को मजबूती मिलने के साथ व्यापार सुगमता, कनेक्टिविटी और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। सरकार का मानना है कि यह प्रणाली विकसित भारत के लक्ष्य को गति देने के साथ-साथ राष्ट्रीय सुरक्षा और सीमा प्रबंधन के क्षेत्र में एक नई मिसाल स्थापित करेगी।


