नई दिल्ली: देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली (Delhi) के न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी (New Friends Colony) क्षेत्र में रविवार दोपहर एक तीन मंजिला आवासीय भवन में अचानक आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। यह घटना सी-600 स्थित मकान में दोपहर करीब 3:39 बजे हुई। सूचना मिलते ही दिल्ली अग्निशमन सेवा की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
आग तेजी से फैलने के कारण भवन की ऊपरी मंजिलों पर मौजूद लोग फंस गए थे। दमकल कर्मियों ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए तीसरी मंजिल पर फंसे पांच बच्चों और दो महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके अलावा दो पालतू पिल्लों को भी सकुशल बचा लिया गया। शुरुआत में एक वाटर बाउजर, क्विक रिस्पॉन्स व्हीकल (QRV) और बीएफटी को घटनास्थल पर भेजा गया था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बाद में अतिरिक्त फायर टेंडरों को भी मौके पर तैनात किया गया।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, आग सबसे पहले मकान की पहली मंजिल पर भड़की और देखते ही देखते ऊपरी मंजिलों तक पहुंच गई। दमकल विभाग की मुस्तैद कार्रवाई के चलते शाम 4:05 बजे तक आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया।
इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। हालांकि, एक पालतू कुत्ता घायल हो गया, जिसे सुरक्षित बाहर निकालकर उपचार के लिए पशु चिकित्सालय भेजा गया। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है और अग्निशमन विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय निवासियों ने दमकल कर्मियों की त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि उनकी तत्परता के कारण एक बड़ा हादसा टल गया।


