36.5 C
Lucknow
Saturday, June 6, 2026

रोडवेज परिसर में अव्यवस्था पर यातायात पुलिस की सख्ती, कई ई-रिक्शा वाहनों पर कार्रवाई

Must read

फर्रुखाबाद। शहर के रोडवेज बस स्टैंड परिसर में लंबे समय से अवैध रूप से सवारियां भरने और यातायात व्यवस्था को प्रभावित कर रहे ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ शनिवार को यातायात पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान बड़ी संख्या में ई-रिक्शा चालकों को नियमों का पालन करने की चेतावनी दी गई, जबकि आवश्यक दस्तावेज न मिलने पर कई वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
यातायात प्रभारी सत्येंद्र कुमार के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस टीम ने रोडवेज बस स्टैंड के अंदर खड़े वाहनों की जांच की। इस दौरान बिना वैध लाइसेंस, फिटनेस प्रमाण पत्र और रजिस्ट्रेशन वाले वाहनों के चालान किए गए, वहीं कुछ वाहनों को जब्त कर आईटीआई चौकी भिजवा दिया गया।
बताया जाता है कि रोडवेज बस अड्डे के अंदर ई-रिक्शा चालकों द्वारा सवारियां बैठाने और उतारने के कारण आए दिन जाम की स्थिति बन जाती थी। यात्रियों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। कई बार बस कर्मियों और ई-रिक्शा चालकों के बीच कहासुनी और विवाद की घटनाएं भी सामने आ चुकी थीं। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद यातायात विभाग ने सख्त रुख अपनाया।
अभियान के दौरान कुछ चालक कार्रवाई की भनक लगते ही अपने वाहन छोड़कर मौके से भाग निकले। पुलिस ने ऐसे वाहनों को कब्जे में लेकर चौकी भेज दिया। यातायात पुलिस का कहना है कि शहर में सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमों का पालन कराना जरूरी है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
यातायात प्रभारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि ई-रिक्शा चालकों को पूर्व में कई बार रोडवेज परिसर के भीतर प्रवेश न करने की हिदायत दी गई थी, लेकिन बार-बार चेतावनी के बावजूद नियमों की अनदेखी की जा रही थी। इसी कारण विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आने वाले दिनों में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे और यातायात व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कार्रवाई के बाद रोडवेज बस स्टैंड परिसर में यातायात व्यवस्था पहले की अपेक्षा बेहतर दिखाई दी और यात्रियों को भी राहत मिली। पुलिस के अनुसार अब तक करीब 80 वाहनों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में कार्रवाई की जा चुकी है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article