36.5 C
Lucknow
Saturday, June 6, 2026

नौकरी की तलाश में दिल्ली गया था अभिषेक, घर लौटते समय सड़क हादसे में बुझ गई जिंदगी

Must read

खुर्जा में दो बसों की टक्कर में 16 वर्षीय किशोर की दर्दनाक मौत, गांव पहुंचा शव तो मचा कोहराम
मोहम्मदाबाद/फर्रुखाबाद। बेहतर भविष्य और परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने के सपने लेकर नौकरी की तलाश में दिल्ली गया 16 वर्षीय किशोर सड़क हादसे का शिकार हो गया। खुर्जा क्षेत्र में दो बसों की आमने-सामने हुई टक्कर में गंभीर रूप से घायल हुए किशोर की मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शनिवार को शव गांव पहुंचा तो परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मां गीता देवी बेटे का शव देखकर बदहवास हो गईं, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
थाना क्षेत्र के ग्राम बुवरैया, मौजा गुड़गांव निवासी किसान राकेश चंद्र का 16 वर्षीय पुत्र अभिषेक हाल ही में इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद रोजगार की तलाश में करीब 15 दिन पहले दिल्ली गया था। परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत नहीं होने के कारण अभिषेक जल्द से जल्द नौकरी कर घर की जिम्मेदारियों में हाथ बंटाना चाहता था।
बताया गया है कि दिल्ली से वह दादरी पहुंचा और वहां से रोडवेज बस के जरिए अपने घर वापस लौट रहा था। इसी दौरान खुर्जा क्षेत्र में सामने से आ रही दूसरी बस से उसकी बस की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में अभिषेक गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के प्रयासों के बीच उसने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पिता राकेश चंद्र खेती-बाड़ी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। मृतक दो भाइयों में बड़ा था। छोटे भाई का नाम ऋतिक है, जबकि दो बहनों की शादी हो चुकी है और बड़ी बहन अंशिका परिवार के साथ है। बेटे के रोजगार मिलने और परिवार की स्थिति सुधरने की उम्मीद लगाए बैठे परिजनों को उसकी मौत की खबर ने पूरी तरह झकझोर दिया।
शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही अभिषेक का शव गांव पहुंचा, अंतिम दर्शन के लिए ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। मां गीता देवी बेटे के शव से लिपटकर बिलखती रहीं। परिजनों के करुण क्रंदन से माहौल गमगीन हो गया। गांव के लोगों ने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाते हुए हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

सब हेडिंग
आज होगा अंतिम संस्कार

परिजनों के अनुसार, मृतक अभिषेक का अंतिम संस्कार रविवार को पूरे रीति-रिवाज के साथ किया जाएगा। गांव में शोक का माहौल बना हुआ है और हर किसी की जुबान पर यही सवाल है कि जिस बेटे से परिवार ने उज्ज्वल भविष्य की उम्मीदें लगा रखी थीं, वह इतनी कम उम्र में दुनिया छोड़कर चला गया।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article