41.6 C
Lucknow
Saturday, June 6, 2026

बेंगलुरु: कातिल बनी मां ! महिला ने प्रेमी संग मिलकर बेटी को उतारा मौत के घाट

Must read

बेंगलुरु: बेंगलुरु (Bengaluru) से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक मां पर अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपनी ही पांच साल की मासूम बेटी की हत्या (murderer) करने का आरोप लगा है। बच्ची की मौत के करीब तीन महीने बाद पिता द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के बाद इस मामले का खुलासा हुआ है। मृतक बच्ची वेनिला की मौत 24 मार्च को हुई थी। शुरुआत में इसे सामान्य मौत बताया गया, लेकिन पिता प्रवीण को परिस्थितियों पर संदेह हुआ। उन्होंने मामले की गहराई से जांच कराई, जिसके बाद कई हैरान करने वाले तथ्य सामने आए।

दावणगेरे निवासी प्रवीण की शादी साल 2007 में प्रियंका से हुई थी। दोनों की दो बेटियां हैं। पुलिस के अनुसार, कुछ साल पहले प्रियंका अपने कॉलेज के मित्र मोहन के संपर्क में आई और दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ने लगीं। इसी दौरान पति-पत्नी के रिश्तों में तनाव बढ़ गया और प्रियंका ने तलाक की मांग शुरू कर दी। बाद में प्रियंका अपने प्रेमी मोहन के साथ रहने लगी और अपनी पांच साल की बेटी वेनिला को भी अपने साथ ले गई।

इस बीच 24 मार्च को वेनिला की अचानक मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, प्रियंका ने बच्ची की मौत को लेकर अलग-अलग लोगों को अलग-अलग कहानियां सुनाईं। कभी उसने दावा किया कि बच्ची ने बिरयानी खाने के बाद तबीयत बिगड़ने से दम तोड़ दिया, तो कभी कहा कि उसने आइसक्रीम खाई थी। एक अन्य बयान में प्रियंका ने बताया कि बच्ची एयर-कंडीशंड कार में सो गई थी। बाद में उसने कहा कि अगली सुबह घर में बच्ची मृत अवस्था में मिली। मां के इन विरोधाभासी बयानों ने संदेह को और गहरा कर दिया।

प्रवीण ने अपनी बेटी की पोस्टमार्टम रिपोर्ट विदेश में डॉक्टर के रूप में कार्यरत एक रिश्तेदार को दिखाई। रिपोर्ट का अध्ययन करने के बाद आशंका जताई गई कि बच्ची की मौत प्राकृतिक नहीं थी। इसके बाद प्रवीण ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि वेनिला के साथ मारपीट की गई और उसका दम घोंटकर हत्या की गई।

पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रेमी मोहन को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, मुख्य आरोपी मानी जा रही प्रियंका अभी फरार है और उसकी तलाश जारी है। जांच अधिकारियों का कहना है कि मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article