कमालगंज/फर्रुखाबाद। गुरुवार को भटपुरा मोड़ के पास हुए भीषण सड़क हादसे में एक वरिष्ठ नागरिक की मौके पर मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार कस्बा कमालगंज के मोहल्ला किदवई नगर निवासी 70 वर्षीय रईसुद्दीन अपनी पत्नी नसरीन, पुत्रवधू गुड्डन, पुत्री नगमा, आमरीन और राजिया बेगम के साथ इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के बेलामऊ सरैया में रिश्तेदारी में शोक संवेदना व्यक्त करने गए थे। गुरुवार को सभी लोग टेंपो से वापस लौट रहे थे।
बताया गया कि भटपुरा मोड़ के पास फर्रुखाबाद की ओर से आ रही तरबूज लदी तेज रफ्तार डीसीएम ने टेंपो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रईसुद्दीन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नसरीन, गुड्डन, नगमा, आमरीन, राजिया बेगम और टेंपो चालक अफसर अली गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। चिकित्सकों ने हालत गंभीर होने पर टेंपो चालक अफसर अली, नसरीन और गुड्डन को डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ललित कुमार अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल लेने के साथ घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।


