मोहम्मदाबाद। थाना क्षेत्र के ग्राम नंदगांव में भारतीय किसान यूनियन महात्मा टिकैत के बैनर तले किसानों ने विभिन्न मांगों को लेकर करीब तीन घंटे धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन प्रदेश उपाध्यक्ष प्रभाकांत मिश्रा के नेतृत्व में हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में किसान और महिला किसान शामिल रहीं।
किसानों ने एसडीएम सदर को ज्ञापन सौंपकर मांग की कि गंगा एक्सप्रेस-वे लिंक रोड के कट की जद में आ रहे नंदगांव के मकानों को बचाया जाए। साथ ही नीव करोरी, हथियापुर और निविया चौराहे पर प्रस्तावित घुमावदार कटों को आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे की तर्ज पर समांतर बनाया जाए। इसके अलावा पृथ्वी सनावड़ा क्षेत्र की चकबंदी निरस्त करने की भी मांग उठाई गई।
धरना स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर थाना प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन चतुर्वेदी, अपराध निरीक्षक मुन्ना लाल यादव तथा चौकी प्रभारी जसवीर सिंह पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।
एसडीएम सदर गजराज सिंह यादव ने किसानों को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों को प्रशासन के समक्ष भेजा जाएगा और उच्च स्तर से प्राप्त निर्णय से उन्हें अवगत कराया जाएगा।
किसान यूनियन पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।


